सागौर में ट्रैक से तांबा चोरी का खुलासा, लाखों का माल बरामद – एक आरोपी गिरफ्तार.- Dhar Pithampur News.

धार जिले के सागौर में नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक (NATRAX) से तांबा चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा किया। एक आरोपी गिरफ्तार, 2.60 लाख रुपये का तांबा बराम

ट्रैक से तांबा चोरी का खुलासा, लाखों का माल बरामद

धार: जिले के सागौर क्षेत्र में नेशनल ऑटोमोटिव टेस्ट ट्रैक (NATRAX) से तांबे की पट्टियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सागौर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया तांबा बरामद किया है।

कंपाउंड की जाली काटकर की थी चोरी

यह वारदात 12 फरवरी की रात सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम खंडवा स्थित नट्राक्स के पावर ट्रेन लैब में हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने कंपाउंड की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और भारी मात्रा में तांबा चोरी कर फरार हो गए थे।

घटना के बाद फरियादी शिव शंकर शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

2.60 लाख का तांबा बरामद

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने मुनार्क होटल के पास से कबाड़ी सुरेश राठौर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी का माल खरीदने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के पास से करीब एक क्विंटल 16 किलो तांबे की पट्टियां, जिनकी अनुमानित कीमत ₹2.60 लाख है, बरामद की हैं।

गिरोह के अन्य सदस्य फरार

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह तांबा कैलाश, मेठू उर्फ राहुल और उत्तूरु से खरीदा था। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस कार्रवाई में सागौर थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मामले के सफल खुलासे पर धार पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।