धार में मंदिर के पास से बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
धार में मंदिर के पास से बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
धार।
धार शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच एक और मामला सामने आया है। पाटीदार चौराहा स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर के पास से एक डीलक्स बाइक चोरी हो गई। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार चोरी हुई बाइक गोलू गोस्वामी की बताई जा रही है। गुरुवार रात करीब 10 बजे गोलू अपनी बाइक मंदिर के पास खड़ी कर क्रिकेट मैच देखने चले गए थे। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दे दिया।
पहले की रेकी, फिर बाइक लेकर फरार
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों बदमाश पहले आसपास की स्थिति का जायजा लेते हैं। इसके बाद एक बदमाश वहां खड़े होकर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा बदमाश तेजी से खड़ी डीलक्स बाइक उठाकर फरार हो गया।
पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
जब गोलू गोस्वामी वापस लौटे तो उन्हें अपनी बाइक वहां नहीं मिली। काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है और उनकी तलाश की जा रही है।
शहर में बढ़ रही बाइक चोरी
धार शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं हैं। शहरवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Join the conversation