धार: मिर्ची व्यापारी की हत्या के साथ सनसनीखेज लूट, इलाके में दहशत

धार जिले के गोंदीखेड़ा में मिर्ची व्यापारी के घर लूट, बंधक बनाकर मारपीट में मौत। पुलिस जांच में जुटी, इलाके में आक्रोश।

 धार: मिर्ची व्यापारी की हत्या के साथ सनसनीखेज लूट, इलाके में दहशत



स्थान: धार

धार जिले में चोरी-लूट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक मिर्ची व्यापारी के घर धावा बोलकर लूटपाट की और मारपीट में व्यापारी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

रात 1 से 2 बजे के बीच वारदात

घटना धार जिले के राजौत थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण की है। जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 1 से 2 बजे के बीच 8 से 10 की संख्या में अज्ञात बदमाश व्यापारी देवकृष्ण (देवृष्ण) पिता लक्ष्मण पुरोहित के घर में घुस आए।

पति-पत्नी को बनाया बंधक

बदमाशों ने घर में घुसते ही व्यापारी और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने पत्नी को अलग कमरे में बंद कर दिया और घर में रखे आभूषण व नकदी की मांग करने लगे।

पत्नी ने जान बचाने के लिए घर में रखा सामान निकालकर बदमाशों को दे दिया।

व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट

इसी दौरान बदमाशों ने व्यापारी देवकृष्ण को दूसरे कमरे में ले जाकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर के अन्य सदस्य भी शोर सुनकर जाग गए, लेकिन तब तक आरोपी लाखों रुपए के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो चुके थे।

अस्पताल में हुई मौत

घटना की सूचना परिजनों ने तुरंत पुलिस को दी, हालांकि पुलिस के पहुंचने में देरी बताई जा रही है। घायल व्यापारी को सरदारपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना के बाद एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, राजौत थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

इलाके में आक्रोश

इस सनसनीखेज लूट और हत्या की घटना से गोंदीखेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़िता ने बताई आपबीती

घटना के दौरान व्यापारी की पत्नी ने बताया कि बदमाशों ने पहले मुंह दबाया, हाथ-पैर बांधे और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि आधे घंटे तक वह चिल्लाती रही, लेकिन बदमाश लगातार मारपीट करते रहे और सामान लूटकर फरार हो गए।

पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा

मृतक का पोस्टमार्टम सरदारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।